शराब के नशे में हिंसा, जमीन के बंटवारे ने ली 85 वर्षीय बुजुर्ग की जान
बहेड़ी (बरेली)। जमीन के बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। शराब के नशे में हुए झगड़े के दौरान पोते द्वारा किए गए हमले से 85 वर्षीय दादा की मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
शाहगढ़ मोहल्ला निवासी राजू मौर्य का सोमवार देर रात करीब नौ बजे अपने चचेरे और ममेरे भाइयों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। शोर-शराबा सुनकर परिवार के बुजुर्ग सदस्य मुन्नालाल मौके पर पहुंचे और विवाद शांत कराने का प्रयास करने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में राजू मौर्य ने पास में पड़ी ईंट उठाकर मुन्नालाल के पेट पर दे मारी। अचानक हुए हमले से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तुरंत बहेड़ी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। बाद में पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। इंस्पेक्टर क्राइम रविंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।





