अलीगढ़। जिले में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित डिफेंस कॉरिडोर फेज-2 परियोजना के अंतर्गत तहसील कोल के ग्राम जलूपुर सिहोर एवं जसरथपुर में क्रय के बाद अवशेष 8.7290 हेक्टेयर भूमि के अर्जन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन सौरभ भट्ट ने बताया कि प्रस्तावित भूमि का अर्जन भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर एवं पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम-2013 के प्रावधानों के अनुरूप किया जा रहा है। अधिनियम एवं सामाजिक प्रभाव आंकलन नियमावली-2016 के तहत सामाजिक प्रभाव आंकलन की प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि चयनित एजेंसी द्वारा तैयार की गई सामाजिक प्रभाव आंकलन रिपोर्ट एवं सामाजिक प्रभाव प्रबंधन योजना जनसामान्य के अवलोकन के लिए कार्यालय अपर जिलाधिकारी भू-अर्जन में उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही संबंधित दस्तावेज जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन सौरभ भट्ट ने ग्राम जलूपुर सिहोर एवं जसरथपुर के सभी कृषकों, भूमिधरों एवं अन्य हितधारकों से अपील की है कि वे प्रस्तावित भूमि अर्जन से संबंधित सामाजिक प्रभाव आंकलन रिपोर्ट का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करें और निर्धारित प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करें।





