गोण्डा। महिला कल्याण विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) बेलसर में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन कर नवजात बेटियों के जन्म का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में जन्मी 11 नवजात बच्चियों को हिमालया बेबी किट, कपड़े, तौलिया सहित अन्य आवश्यक सामग्री भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की शान हैं। उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य केन्द्रों पर कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया जाता है।
जेंडर स्पेशलिस्ट राज कुमार आर्य ने कहा कि बेटा और बेटी में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। दोनों को समान स्नेह, सम्मान और शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कन्या जन्मोत्सव का उद्देश्य समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त कर बेटियों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के दौरान चाइल्डलाइन 1098 की काउंसलर नीतू त्रिपाठी ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इस अवसर पर एमओआईसी डॉ. सतपाल सोनकर, बीपीएम वंदना सिंह, बीसीपीएम वीरेन्द्र कुमार, एआरओ अतुल कुमार तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला कल्याण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





