Monday, May 11, 2026
spot_img
HomeMarqueeन्यायमूर्ति ने फीता काटकर किया राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन, विभिन्न ...

न्यायमूर्ति ने फीता काटकर किया राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन, विभिन्न मामलों में 6,03,44,173 की धनराशि वसूले गए

बस्ती। जनपद न्यायाधीश न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारम्भ माननीय न्यायमूर्ति श्री राम मनोहर नरायण मिश्र, प्रशासनिक न्यायमूर्ति, बस्ती मण्डल के द्वारा ज्ञान की देवी सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। माननीय प्रशासनिक न्यायमूर्ति का स्वागत माननीय जनपद न्यायाधीश श्री शमसुल हक एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती श्री देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने पौधा देकर तथा न्यायिक अधिकारी द्वारा पुष्प गुच्छ देकर किया गया।

प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने इस अवसर पर जिला कारागार, बस्ती की ओर से लगायी गयी प्रदर्शिनी का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारियों के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम में सम्मिलित होते हुए वृक्षारोपण किया। वादकारियों तथा अधिवक्तागण की सुविधा के लिए लगाये गये लिफ्ट एवं कॉरिडोर का उद्घाटन भी किया। उक्त अवसर पर प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने परिवार न्यायालय में सुलह-समझौता कर साथ-साथ रहने को तैयार दंपत्तियों को बधायी दी तथा उनके सुखमय जीवन की शुभकामनाएँ दी। दीवानी न्यायालय के निरीक्षण के उपरान्त स्थाई लोक अदालत एंव लीगल एड डिफेन्स काउंसिल सिस्टम एंव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का भी निरीक्षण किया। इस दौरान स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष श्री राकेश कुमार शुक्ला एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती देवेन्द्र कुमार-प्रथम के सचिव द्वारा माननीय प्रशासनिक न्यायमूर्ति महोदय का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती श्री शमसुल हक के कुशल मार्गदर्शन में जनपद न्यायालय परिसर, सभी ग्राम न्यायालय, सभी तहसीलों, राजस्व न्यायालय, कलेक्ट्रेट में सफलता पूर्वक किया गया। जिसमें नोडल अधिकारी(राष्ट्रीय लोक अदालत)/अपर जिला जज श्री प्रमोद कुमार गिरि, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती श्री देवेन्द्र कुमार-प्रथम, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डा. यशबीर सिंह एवं अन्य विभाग एवं उनके अधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के कुल 60,802 वादों का निस्तारण किया गया जिसमें बैंक ऋण व अन्य प्रकार से सम्बन्धित प्री-लिटिगेशन स्तर पर 58,246 मामलों का एवं न्यायालयों के 2,556 वादों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर कराया गया। उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण द्वारा कुल 65 मामले निस्तारित किए गए जिसमें रू 94,70,000 की धनराशि क्षतिपूर्ति के रूप में प्रदान की गई एवं आपराधिक वादों के निस्तारण के फलस्वरूप कुल रू.71,800 की धनराशि अर्थदण्ड के रूप में वसूल की गयी एवं अन्य सभी मामलों में कुल रू० 5,08,02,373, इस प्रकार कुल रू 6,03,44,173 की धनराशि वसूल की गई।

उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत में माननीय पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण श्री मो0 रिजवानुल हक, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय कु० आराधना रानी, अपर जिला जज प्रथम श्री कमलेश कुमार, अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश (एस.सी./एस.टी. एक्ट) रामकरन यादव सहित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री संदीप, सिविल जज (सी.डी.) श्रीमती साबिहा खातून, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-प्रथम श्री राज बाबू, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-द्वितीय श्री आरिफ अहमद अंसारी समेत समस्त न्यायिक अधिकारीगण ने प्रतिभाग किया।

लीगल एड डिफेन्स काउंसिल सिस्टम के चीफ श्री कौशल किशोर श्रीवास्तव व डिप्टी चीफ श्री शैलजा कुमार पाण्डेय व असिस्टेन्ट लीगल एड डिफेन्स काउंसिल श्री नितिश कुमार श्रीवास्तव व सुश्री दीप्ति पाण्डेय भी उपस्थित होकर अपना योगदान दिया। उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत में जिला कारागार, बस्ती में निरूद्ध बन्दियों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प कला तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन विभाग की ओर से एक जिला एक उत्पाद के तहत उत्पादों की प्रदर्शिनी भी लगाई गई, जो आम जन के क्रय हेतु भी उपलब्ध थी एवं न्यायिक अधिकारीगण तथा कर्मचारीगण एवं अन्य द्वारा उक्त सामग्रियों को क्रय भी किया गया था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular