एसएसपी राज करन नय्यर ने हरी झंडी दिखाकर किया कैंडल मार्च का शुभारंभ
यातायात माह की पूर्व संध्या पर पत्रकारों, समाजसेवियों और पुलिस अधिकारियों की एकजुट पहल
पहले खुद में लाएं बदलाव, तभी सड़कें होंगी सुरक्षित’ का एसएसपी ने दिया संदेश
गोरखपुर। सड़क हादसों के प्रति आम जनमानस को जागरूक करने और ट्रैफिक नियमों के पालन की प्रेरणा देने के उद्देश्य से “यातायात माह” की पूर्व संध्या पर शुक्रवार की शाम गोरखपुर में एक भव्य कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। यह कैंडल मार्च शास्त्री चौक से शुरू होकर महात्मा गांधी प्रतिमा (भालोटिया चौराहा) तक निकाला गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने हरी झंडी दिखाकर कैंडल मार्च को रवाना किया।
इस कैंडल मार्च का आयोजन मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के तत्वावधान में किया गया, जिसमें जिले के प्रमुख पत्रकार संगठनों, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी प्रतिभागी हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां लिए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दे रहे थे।
एसएसपी राज करन नय्यर का संदेश : “पहले खुद में लाएं बदलाव, तभी बनेगी सुरक्षित समाज की राह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने कहा कि सड़क हादसों को रोकने के लिए सबसे पहले हमें खुद में बदलाव लाने की जरूरत है। जब हम अपने व्यवहार और आदतों को सुधारेंगे, तभी समाज में वास्तविक परिवर्तन दिखाई देगा। उन्होंने कहा “हर व्यक्ति को ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए।
गाड़ी चलाते समय हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और गति सीमा का पालन करना हमारी सुरक्षा के लिए है। छोटी-सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना में बदल सकती है। आज पत्रकार बंधुओं ने जो जागरूकता का बीड़ा उठाया है, वह निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणादायी है।”
एसएसपी ने आगे कहा कि पुलिस प्रशासन लगातार ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए कार्यरत है। जगह-जगह नए सिग्नल, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पुलिस को सहयोग करते हुए सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं।
पत्रकार संगठनों की एकजुटता ने पेश की मिसाल
कैंडल मार्च के दौरान गोरखपुर के सभी प्रमुख पत्रकार संगठनों मान्यता प्राप्त समिति, गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन, गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के पदाधिकारी एक मंच पर नजर आए। सभी ने एक स्वर में कहा कि सड़क सुरक्षा जनहित का विषय है और समाज को जागरूक करने के लिए पत्रकारों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
मान्यता प्राप्त समिति अध्यक्ष अरविंद राय ने कहा “हम दूसरों को सुधारने की बात करते हैं, लेकिन पहले खुद में बदलाव लाना जरूरी है। जब हम ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे, तो हमारे पीछे पूरा समाज चलेगा। कैंडल मार्च का उद्देश्य यही है कि हर व्यक्ति यह महसूस करे कि सुरक्षा उसकी अपनी जिम्मेदारी है।”
गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रत्नाकर सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण हैं। अगर हम लोग खुद नियमों का पालन करेंगे, तो आम लोग भी प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि शहर में लगातार सड़क हादसे चिंता का विषय हैं, लेकिन जागरूकता से इन घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।
गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब अध्यक्ष रितेश मिश्रा ने कहा “यातायात पुलिस और आम जनता, दोनों को मिलकर प्रयास करने होंगे। सड़कें सभी की हैं, इसलिए ट्रैफिक अनुशासन भी सबका कर्तव्य है। आज का कैंडल मार्च एक शुरुआत है, इसे अभियान बनाना होगा।”
कर्मचारी संघ अध्यक्ष रूपेश श्रीवास्तव ने कहा कि सुरक्षित सड़कें ही सुरक्षित जीवन की गारंटी हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को यह शपथ लेनी चाहिए कि वह कभी बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाएगा।
आयोजकों ने कहा कि जब व्यक्ति खुद अनुशासित होता है तो समाज स्वतः अनुशासित हो जाता है। मान्यता प्राप्त समिति के मंत्री सतीश पांडेय ने कहा कि ट्रैफिक नियमों के पालन के प्रति समाज में लापरवाही देखी जा रही है। लोग जल्दबाजी में लाल बत्ती पार करते हैं, फोन पर बात करते हुए वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि हमें जिम्मेदार नागरिक बनना होगा तभी हम हादसों को रोक पाएंगे।
गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब मंत्री पंकज श्रीवास्तव और उपाध्यक्ष भूपेंद्र द्विवेदी ने संयुक्त रूप से कहा कि यह कैंडल मार्च सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि जन चेतना की शुरुआत है। इस पहल को शहर के हर मोहल्ले और विद्यालय तक ले जाने की जरूरत है।
इस कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी, पूर्व अधिकारी, राजनेता, कर्मचारी और युवा शामिल हुए। इनमें प्रमुख रूप से चंद्रशेखर, राजेश मणि, जगदीश लाल श्रीवास्तव, मदन मुरारी शुक्ल, अशोक पांडेय, योगेश सिंह, शरद सिंह, सहायक सूचना निदेशक प्रशांत श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री ओंकार धर द्विवेदी, अरविंद पांडेय, सिकंदर यादव, पूर्व उपाध्यक्ष अजीत यादव, राज श्रीवास्तव, राजीव पांडेय, सैयद इमरान, लाडले, दामोदर उपाध्याय, रजनीश श्रीवास्तव, हरेंद्र दुबे, मनोज मिश्रा, विनय सिंह, विनय शर्मा, धीरेन्द्र गुप्ता, सुशील कुमार, लाल चन्द जाटव, समिति संरक्षक वहाब खान, युशफ वहाब, अरुण सिंह, गणेश श्रीवास्तव, दिलीप पटवा, पार्षद अजय राय, संतोष राय, प्रमोद राय, अश्वनी राय, महेश राय, नीतीश गुप्ता, रामगोपाल द्विवेदी, गोविन्द कुशवाहा, अनुराग श्रीवास्तव, सुनए पाण्डेय, आशीष मिश्रा, दीपक त्रिपाठी, विजय मोदनवाल, अवनीश त्रिपाठी, राकेश गौड़, अनिल राय, अबरार, मनीष पांडेय, अरकान सहित अनेक लोग शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार मनवर रिजवी ने किया, जिन्होंने कहा कि यह पहल पत्रकार समाज की संवेदनशीलता को दर्शाती है।
ट्रैफिक व्यवस्था में पुलिस का सराहनीय सहयोग
कैंडल मार्च के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में कैंट इंस्पेक्टर संजय सिंह, कलेक्ट्रेट चौकी प्रभारी राजेश यादव, नगर निगम चौकी प्रभारी दीपशिखा, ट्रैफिक उपनिरीक्षक रामवृक्ष यादव सहित पुलिस कर्मियों की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा ताकि कार्यक्रम शांति और अनुशासन के साथ सम्पन्न हो सके।
अंत में ली गई सड़क सुरक्षा की शपथ
कैंडल मार्च के समापन पर महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर सभी प्रतिभागियों ने कैंडल को रख कर शपथ लिया कि “हम सड़क पर वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करेंगे, गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करेंगे और अपने आस-पास के लोगों को भी जागरूक करेंगे।”
यह कैंडल मार्च केवल एक प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में “सुरक्षा पहले” के संदेश को प्रसारित करने का एक प्रेरक प्रयास साबित हुआ। उपस्थित लोगों ने कहा कि यह अभियान तभी सफल होगा जब हर नागरिक इसे अपनी जिम्मेदारी समझे और सड़क सुरक्षा को जीवन का हिस्सा बनाए।





