ऑस्कर 2026 में ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में धर्मेंद्र ) को श्रद्धांजलि अर्पित न करने उनकी पत्नी हेमा मालिनी और बेटी एशा देओल ने रिएक्ट किया है।
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का बीते साल नवंबर में 89 साल की उम्र में निधन हो गया था। इस साल फरवरी में 79वें ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवार्ड्स (BAFTA) के ‘इन मेमोरियम’ खंड में ‘शोले’ अभिनेता को याद किया गया था। दुनियाभर में धर्मेंद्र की जिस तरह की फैन फॉलोइंग है, उसे देखकर फैंस को पूरी उम्मीद थी कि ऑस्कर 2026 के ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। हालांकि, लाइव टेलीकास्ट के दौरान ऐसा नहीं हुआ।
जब 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स में धर्मेंद्र का जिक्र नहीं हुआ, तो फैंस ने सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी जताई। अब ऑस्कर के मुख्य ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में धर्मेंद्र के नाम का जिक्र न होने पर उनकी पत्नी हेमा मालिनी (Hema Malini) और बेटी एशा देओल ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
धर्मेंद्र को नजरअंदाज करने पर नाराज हुईं हेमा मालिनी
‘बॉलीवुड हंगामा’ से खास बातचीत करते हुए, हेमा मालिनी ने ऑस्कर में पति धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि अर्पित न किए जाने पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा,
“यह शर्मनाक है। यह वाकई दुख की बात है कि ऑस्कर में उस दिग्गज अभिनेता को नजरअंदाज कर दिया गया, जो दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अनगिनत लोगों के लिए बहुत मायने रखते हैं। धरम जी को हर जगह जाना-पहचाना जाता है। उन्हें अपने पूरे लाइफटाइम करियर में बहुत ज्यादा अवॉर्ड्स नहीं मिले। तो उन्हें ऑस्कर की परवाह ही क्यों होगी? हम दोनों को अपने देश में जितना प्यार मिला है, हम उसी से बहुत खुश हैं। अवॉर्ड्स हमेशा उनसे दूर ही रहे। फिल्म ‘लाल पत्थर’ और ‘मीरा’ में मैंने अपनी बेस्ट परफॉर्मेंस दी थी, लेकिन मुझे भी उसके लिए कभी कोई अवॉर्ड नहीं मिला था।”
‘इससे पापा को कभी फर्क नहीं पड़ता’- एशा देओल
हेमा मालिनी से पहले उनकी बेटी एशा देओल ने ‘वैरायटी’ (Variety) से खास बातचीत में पिता को ऑस्कर 2026 में श्रद्धांजलि न मिलने पर बात की थी। उन्होंने कहा था, “मुझे नहीं लगता कि इन सब चीजों से पापा को कभी कोई फर्क पड़ता। उनका दिल इस बारे में सोचने से कहीं ज्यादा बड़ा था। उनके लिए, जिंदगी कभी भी स्टेटस और रुतबे के बारे में नहीं थी, बल्कि यह हमेशा प्यार, दया और उन लोगों से जुड़ी थी, जो उनके दिल में बसते थे।”
आपको बता दें कि ऑस्कर 2026 के ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में रॉब रेनर, डायने कीटन और रॉबर्ट रेडफोर्ड सहित उन अन्य हॉलीवुड सितारों को श्रद्धांजलि दी गई थी, जिनका पिछले साल निधन हुआ था। इस अवॉर्ड फंक्शन में यह श्रद्धांजलि समारोह पिछले सालों की तुलना में लगभग 15 मिनट लंबा था। इतने लंबे समय के बावजूद जब टीवी ब्रॉडकास्ट में धर्मेंद्र का नाम नहीं लिया गया, तो उनके चाहने वाले भारतीय और विदेशी फैंस का दिल टूट गया।





