Wednesday, May 13, 2026
spot_img
HomeMarqueeकांग्रेस सरकार को हटाना जरूरी, आज से जन आक्रोश यात्रा की शुरुआत:...

कांग्रेस सरकार को हटाना जरूरी, आज से जन आक्रोश यात्रा की शुरुआत: नड्डा

जयपुर। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार को जयपुर दौरे पर आए हैं। वे यहां 51 रथों को रवाना कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन आक्रोश यात्रा की शुरूआत करेंगे। इससे पहले जेपी नड्डा ने आदर्श नगर के दशहरा मैदान में एक सभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा- जन आक्रोश यात्रा के तहत 2 करोड़ लोगों से संपर्क किया जाएगा और भाजपा की नीतियों को उन तक पहुंचाया जाएगा। मैं इस यात्रा के लिए राजस्थान भाजपा की पूरी टीम को हार्दिक बधाई देता हूं।

नड्डा ने कहा- राजस्थान की भूमि त्याग और तपस्या, शौर्य और बलिदान के लिए पहचानी जाने वाली भूमि है। मैं इस भूमि को नमन करता हूं और आशा करता हूं कि जन आक्रोश यात्रा को राजस्थान की जनता का पूरा समर्थन मिलेगा।
जेपी नड्डा ने कहा कि अगर कोई नेता भामाशाह स्वास्थ्य योजना का नाम बदलकर चिरंजीवी योजना कर दे तो इसको किताब बदलना नहीं जिल्द बदलना कहते हैं। अन्नपूर्णा योजना को बदल कर इंदिरा रसोई जब तक नहीं किया तब तक इनको (कांग्रेस सरकार) चैन नहीं मिला। अगर, आप चाहते हो कि आपकी बहनें सुरक्षित रहें, प्रदेश में रोजगार के अवसर बनें। आप चाहते हैं कि राजस्थान में भी पेट्रोल-डीजल के दाम घटें, बिजली के दाम में कटौती हो तो इस सरकार को गद्दी से हटाना ही होगा। जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद राजस्थान में सांप्रदायिक तनाव भी बढ़ा है। इसलिए इस सरकार को हटाना जरूरी है।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा बोले- कोरोना के बाद से चीन लडख़ड़ा रहा है, अमेरिका ठीक से खड़ा नहीं हो पा रहा है, यूरोप की हालत भी सही नहीं है। ऐसे हालातों में भी भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। भारत आज विकास की नई छलांग लगा रहा है और राजस्थान के विकास में भी केंद्र सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। जबकि अशोक गहलोत सरकार ने राजस्थान का विकास ना हो, इसमें कोई कसर नहीं छोड़ी है। कांग्रेस जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम करती है।

भाजपा की जन आक्रोश यात्रा शुरू

जेपी नड्डा आज से राजस्थान में भाजपा जन आक्रोश यात्रा की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वे 51 जन आक्रोश रथों को रवाना करेंगे। नड्डा जिन रथों को झण्डी दिखाएंगे, वे सभी उत्तरप्रदेश से यहां लाए गए हैं। इस यात्रा की शुरुआत से माना जाना लगा है कि भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा का प्रयास है कि यात्रा के जरिए दो करोड़ लोगों से जनसंपर्क किया जाए। एक दिसंबर से शुरू हुई भाजपा की जन आक्रोश यात्रा 14 दिसंबर तक चलेगी। यात्रा के करीब 75 हजार किलोमीटर के सफर के दौरान 20 हजार चौपाल और 20 हजार नुक्कड़ सभाएं भी आयोजित की जाएंगी।

जन आक्रोश यात्रा में 5 लाख कार्यकर्ता जुटेंगे, 2 करोड़ लोगों तक पहुंचेंगे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने बताया कि जन आक्रोश यात्रा 1 से 14 दिसंबर तक प्रदेश में चलेगी। यह यात्रा प्रदेश के 200 विधानसभा क्षेत्र में जाएगी। यात्रा में शामिल सभी 51 रथ गांव-गांव, गली-गली और डगर-डगर जाएंगे। इस दौरान 20 हजार चौपालें और 20 हजार नुक्कड़ सभाएं होंगी। प्रदेश के 8 करोड़ लोगों तक इस यात्रा का संदेश जाएगा और 2 करोड़ लोगों से हम सीधे जुड़ेंगे। इसके अलावा 14 से लेकर 20 दिसंबर तक प्रदेश के 200 विधानसभा क्षेत्रों में जनाक्रोश सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा एक हजार महिला चौपाल, एक हजार युवा चौपाल और एससी, एसटी, ओबीसी के लिए भी 1-1 हजार चौपालें होंगी। जन आक्रोश यात्रा में भाजपा के 5 लाख कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

भाजपा गहलोत-पायलट विवाद और तुष्टिकरण को बनाएगी मुद्दा

गहलोत-पायलट विवाद को लेकर भाजपा शुरू से ही हमलावर रही है। अब चुनाव में भी भाजपा इसे मुद्दा बनाएगी। इसके अलावा प्रदेश में हुई हिंसा, हिंदुओं पर हमलों, मंदिरों में तोडफ़ोड़, धर्म परिवर्तन, तुष्टिकरण, महिला सुरक्षा और पेट्रोल-डीजल की कीमत पर भी भाजपा कांग्रेस को घेरेगी। इसके अलावा किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी, दलितों पर अत्याचार सहित अन्य मुद्दे भी भाजपा जोर-शोर से उठाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular