सिसवा बाज़ार(महराजगंज)। स्थानीय नगर के लोहेपार मोहल्ले में युवाओं की सामाजिक सहभागिता का एक सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने जा रही कक्षा 10 एवं 12 की छात्राओं को परीक्षा से पूर्व पठन-पाठन एवं लेखन सामग्री प्रदान कर बेहतर सफलता के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं की माताओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
लोहेपार सम्मान समारोह का आयोजन ठाकुर जी मंदिर परिसर में किया गया, जिसका शुभारंभ प्रेमलाल सिंघानिया कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य शशिकला सिंह, समाजसेवी एवं मीडिया समूह के सीईओ प्रमोद गुप्ता एवं प्रवीण सिंह सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
अतिथियों ने युवाओं द्वारा पिछले कई वर्षों से निरंतर संचालित इस शैक्षिक प्रोत्साहन अभियान की सराहना करते हुए छात्राओं को आत्मविश्वास, अनुशासन एवं लगन के साथ परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने का संदेश दिया। इस दौरान छात्राओं को स्कूल बैग के साथ पठन एवं लेखन सामग्री प्रदान की गई।
साथ ही जर्नलिस्ट प्रेस क्लब महराजगंज की निचलौल तहसील इकाई के सहयोग से 50 गरीब एवं आवश्यकता मंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। इस आयोजन को सफल बनाने में लोहेपार युवा समाजसेवी संगठन के अजय प्रजापति का योगदान सराहनीय रहा।
कार्यक्रम का संचालन उमेश जायसवाल ‘उमंग’ एवं पवन प्रजापति ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब निचलौल इकाई के अध्यक्ष विकास रौनियार , प्रताप नारायण जायसवाल , इनामुल्लाह सिद्दीकी, स्तुत पाठक , मनीष , शांतम जायसवाल, पन्नेलाल यादव, अभिनव सिंह, अमर श्रीवास्तव, अभिषेक गिरी, सत्यप्रकाश गिरी, किशोर यादव, हरिलाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।





