नौतनवा (महराजगंज)।रेडिएंश एकेडमी के पूर्व छात्र इस समय बीएचयू में अध्ययन कर रहे उज्ज्वल पांडेय ने गेट परीक्षा में लहराया परचम, हासिल की अखिल भारतीय 113वीं रैंक। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्र उज्ज्वल पांडेय ने देश की प्रतिष्ठित और सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक ‘गेट 2026’ में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उज्ज्वल ने समाजशास्त्र विषय में अखिल भारतीय स्तर पर 113वीं रैंक हासिल कर विश्वविद्यालय और अपने परिवार का नाम गौरवान्वित किया है।
कठिन परिश्रम से मिली सफलता
उज्ज्वल ने इस परीक्षा में 52.67 अंक प्राप्त किए हैं, जबकि इस वर्ष कट-ऑफ 40 अंक रहा। गौरतलब है कि गेट परीक्षा को देश की सातवीं सबसे कठिन परीक्षा माना जाता है। इस परीक्षा के माध्यम से देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में परास्नातक और पीएचडी प्रोग्राम में प्रवेश मिलता है।
परीक्षा का स्वरूप
समाजशास्त्र के इस टेस्ट पेपर में कुल 100 अंकों के 65 प्रश्न पूछे गए थे, जिसमें मुख्य रूप से जनरल एप्टीट्यूड और समाजशास्त्र विषय पर आधारित प्रश्न शामिल थे। उज्ज्वल ने अपनी सफलता का श्रेय बीएचयू के शैक्षणिक वातावरण, अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर स्वाध्याय को दिया है।
भविष्य की राह वर्तमान में काशी हिंदू विश्वविद्यालय से ही पीजी कर रहे उज्ज्वल का लक्ष्य अब देश के शीर्ष आईआईटी संस्थानों से उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ना है। उनकी इस उपलब्धि पर विभाग के शिक्षकों और सहपाठियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





