हमीरपुर। कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद की अध्यक्षता में जनपद के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जयन्ती राजपूत, सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति, राठ विधायक मनीषा अनुरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष शकुन्तला निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में अन्ना पशुओं की समस्या, उर्वरक की उपलब्धता, विकास कार्यों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति, विद्युत आपूर्ति, सड़कों की गड्ढामुक्ति, राजकीय नलकूपों का संचालन, स्वास्थ्य सेवाएं, कानून व्यवस्था, गौशालाओं में गौवंश संरक्षण, कृषि एवं समाज कल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अवैध वसूली में संलिप्त जेई व लाइनमैनों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए तथा चिकित्सीय जांचें जिला अस्पताल में ही कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि हर घर जल योजना के अंतर्गत सभी संयोजित घरों तक पानी पहुंचाया जाए। गौशालाओं में गौवंशों का समुचित रखरखाव किया जाए और कोई भी गौवंश छुट्टा न रहने पाए। किसानों को वन गायों की समस्या से निजात दिलाने के लिए बनाई गई कार्ययोजना को प्रभावी रूप से लागू किया जाए।
कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, यातायात व्यवस्था मजबूत करने तथा महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए गए। अवैध कारोबार में लिप्त गिरोहों पर कठोर कार्रवाई करने, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को कहा गया। होली पर्व के दृष्टिगत अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए।
सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने तथा राजकीय नलकूपों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए ताकि शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके।
बैठक में जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद, सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रिजवाना शाहिद सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





