नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, दो दोस्तों की मौत, तीसरा गंभीर

0
2015

हमीरपुर और महोबा जनपद की सीमा पर स्थित नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक दुर्घटना का शिकार हो गए। इस भीषण हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज महोबा में चल रहा है। हादसा खन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल प्लाजा के पास उस समय हुआ, जब तीनों युवक एक ही बाइक से महोबा से मौदहा की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोल प्लाजा के पास पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

हादसे में मौदहा कस्बे के हैदरगंज निवासी 27 वर्षीय राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रदीप ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। तीसरा युवक गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए महोबा भेजा गया है। मृतक राजेंद्र अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और रेलवे में टीटीई के पद पर सतना में तैनात था। वहीं प्रदीप पेशे से फोटोग्राफर था और महोबा में आयोजित एक कार्यक्रम की फोटोग्राफी कर लौट रहा था। तीनों युवक आपस में गहरे मित्र बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार ट्रक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here