उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, महिला उत्पीड़न की रोकथाम करने तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में मंगलवार को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम कलेक्ट्रेट सभागार, हमीरपुर में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अनिता गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महिला जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 50 महिलाएं अपनी शिकायतें लेकर पहुंचीं। इनमें घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ एवं साइबर अपराध से संबंधित प्रकरण प्रमुख रहे। आयोग की सदस्यों ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रिजवाना शाहिद, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने कहा कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामले देशभर में सामने आ रहे हैं। आयोग महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से शिकायतों की सुनवाई की जाती है।
उन्होंने यह भी बताया कि पुराने मामलों की सुनवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की जाएगी, जिसमें उन प्रकरणों की पुनः समीक्षा की जाएगी। आयोग का उद्देश्य है कि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय मिले तथा उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।





