मुरादाबाद में इंस्टाग्राम पर प्रेमजाल में फंसाकर मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटे सचिन को ब्लैकमेल किया गया।
मुरादाबाद। इंस्टाग्राम पर रची गई एक साजिश ने एक बेबस पिता की जान ले ली। मुरादाबाद निवासी मानसिक रूप से अस्वस्थ सचिन को प्रेमजाल में फंसाकर 10 लाख रुपये मांगे।
रुपये न देने पर झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकियों से ऐसा दबाव बनाया गया कि पिता महिपाल सिंह ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने अमरोहा निवासी पुष्पांजलि, देवेंद्र गुर्जर व राजू सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।सुरेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उनका भाई सचिन मानसिक रूप से अस्वस्थ है। एक युवती ने उनके भाई को इंस्टाग्राम के जरिए प्रेमजाल में फंसा लिया।
मानसिक रूप से अस्वस्थ है सचिन
इसके बाद उन्होंने उनके पिता महिपाल सिंह से मोबाइल फोन पर संपर्क किया। आरोप लगाया कि युवती व उसके साथियों ने पिता को धमकी दी कि अपने पुत्र से शादी नहीं कराओगे तो दस लाख रुपए दो। नहीं तो झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवा दूंगी। आरोप है कि आए दिन धमकी मिलने से उनके पिता महिपाल परेशान हो गए। जिसके चलते उन्होंने 24 फरवरी को जहर खा लिया।
हालत बिगड़ने पर स्वजन ने उन्हे कासमास अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था। जहां एक मार्च को उपचार के दौरान उनके पिता की मौत हो गई। पुलिस ने प्रकरण में जांच शुरू कर दी है।





