नगर में गैस की भारी किल्लत से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कई दिनों से उपभोक्ता गैस एजेंसियों के बाहर लाइन लगाकर खड़े हैं, लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि जो गैस का लोड आ रहा है, वह कुछ ही समय में खत्म हो जा रहा है। जिले की सभी 32 गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
जिला प्रशासन गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहा है, लेकिन जमीनी स्थिति इसके बिल्कुल उलट है। विवाद की स्थिति से निपटने के लिए अब गैस एजेंसियों पर संबंधित थाने की पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है।
एजेंसियों के बाहर महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी गैस के लिए लाइन में खड़े नजर आ रहे हैं। गैस लेने में सबसे बड़ी दिक्कत बुकिंग प्रक्रिया में आ रही है। एजेंसी संचालकों द्वारा जब उपभोक्ताओं के नंबर रजिस्टर्ड किए जा रहे हैं, तो ओटीपी न आने के कारण उन्हें गैस मिलने में परेशानी हो रही है।





