हजपुरा, अम्बेडकरनगर क्षेत्र में नीलगायों का आतंक किसानों के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है। नीलगायों के झुंड इस समय खेतों में खड़ी दलहन, तिलहन एवं गेहूं की फसलों को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसान त्रस्त हैं।
हरपुर, इब्राहिमपुर, कहरा , सुलेमपुर, परस कटुई, भौसिमपुर, मजीसा, कटात, असमानपट्टी, दयालपुर सहित अन्य गांवों में भी नीलगायों का झुंड खुलेआम खेतों में घुसकर फसलों को बर्बाद कर रहा है। दिन-रात कड़ी मेहनत से फसल तैयार करने वाले किसानों को अब अपनी ही फसल बचाने के लिए रात-रात भर खेतों में जागकर पहरा देना पड़ रहा है। इससे किसानों की नींद और सुकून दोनों छिन गए हैं।
स्थानीय किसान पवन सिंह, नीरज विश्वकर्मा, छोटू सिंह, पप्पू वर्मा, ओम प्रकाश, विजय कुमार, संग्राम यादव आदि का कहना है कि नीलगायों के झुंड लगातार फसलों को रौंद रहे हैं, लेकिन उनके नियंत्रण को लेकर कृषि विभाग या वन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
किसानों का कहना है कि प्रशासनिक उदासीनता के चलते वे बेबस होकर स्वयं ही अपनी फसलों की सुरक्षा करने को मजबूर हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नीलगायों और छुट्टा पशुओं से फसलों को बचाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि उनकी मेहनत बर्बाद न हो।





