उरई (जालौन)।जनपद जालौन में महिला परिवार परामर्श केंद्र एक बार फिर रिश्तों को बचाने में सफल रहा। केंद्र द्वारा वैचारिक मतभेदों के चलते टूट की कगार पर पहुंचे तीन परिवारों में सुलह कराई गई।
परामर्श केंद्र में पहुंचे दंपत्तियों के बीच लंबे समय से चल रहे विवादों को महिला पुलिस अधिकारी व नामित सदस्यों की टीम ने गंभीरता से सुना। दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर उन्हें आपसी समझ, धैर्य और संवाद का महत्व बताया गया। टीम के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया और सभी तीनों परिवारों ने आपसी मनमुटाव खत्म कर साथ रहने का फैसला किया।
समझौते के दौरान दंपत्तियों ने भविष्य में विवाद न करने, एक-दूसरे का सम्मान करने और पारिवारिक जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का वचन दिया। परामर्श टीम ने भी उन्हें आपसी सामंजस्य बनाए रखने और छोटे-छोटे मतभेदों को बातचीत से सुलझाने की सलाह दी।
परिवार परामर्श केंद्र की यह पहल न केवल टूटते रिश्तों को जोड़ने का काम कर रही है, बल्कि समाज में पारिवारिक मूल्यों को भी मजबूत कर रही है।





