HomeUttar PradeshHamirpurगूगल से मिला 'फर्जी कस्टमर केयर' किसान पर पड़ा भारी, व्हाट्सएप कॉल...

गूगल से मिला ‘फर्जी कस्टमर केयर’ किसान पर पड़ा भारी, व्हाट्सएप कॉल के बाद खाते से उड़ाए ₹39 हजार

फुटबॉल ऐप की शिकायत करना पड़ा महंगा, साइबर पोर्टल पर शिकायत के बाद कोतवाली में दी तहरीर

मौदहा (हमीरपुर)। साइबर अपराधियों ने एक बार फिर अपनी शातिर कार्यशैली से एक किसान को निशाना बनाया है। मौदहा कस्बे के मोहल्ला उपरोस निवासी किसान मुजीबुर रहमान गूगल पर कस्टमर केयर नंबर खोजने के बाद साइबर ठगी का शिकार हो गए। आरोप है कि ठगों ने कस्टमर केयर अधिकारी बनकर पहले उनसे संपर्क किया, फिर व्हाट्सएप कॉल के जरिए बातचीत कर उनके बैंक खाते से ₹39 हजार निकाल लिए।

पीड़ित मुजीबुर रहमान ने बताया कि उन्होंने फुटबॉल मैच देखने के लिए एक मोबाइल ऐप का सब्सक्रिप्शन लिया था। भुगतान संबंधी समस्या आने पर उन्होंने गूगल पर उपलब्ध कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया। आरोप है कि कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया और कुछ देर बाद व्हाट्सएप कॉल कर तकनीकी सहायता के नाम पर आवश्यक जानकारी हासिल कर ली। इसके कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से ₹39 हजार की धनराशि निकाल ली गई।

घटना 8 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। मोबाइल पर खाते से रकम कटने का संदेश मिलते ही पीड़ित के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसका एक्नॉलेजमेंट नंबर 33107260162330 जारी हुआ है। साथ ही प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली मौदहा को लिखित तहरीर देकर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के साथ बैंक स्टेटमेंट और अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराए गए हैं।

पीड़ित ने साइबर सेल और पुलिस से ठगी गई रकम वापस दिलाने तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

सावधानी जरूरी

विशेषज्ञों का कहना है कि गूगल पर दिखने वाले हर कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें। किसी भी कंपनी का आधिकारिक नंबर केवल उसकी वेबसाइट या आधिकारिक ऐप से ही प्राप्त करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक विवरण या स्क्रीन शेयरिंग की अनुमति कभी न दें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular