मिठौरा (महराजगंज)। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत गुरुवार को मिठौरा ब्लॉक परिसर में ‘हमारा आंगन, हमारे बच्चे’ उत्सव का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामहरख गुप्ता ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में कस्तूरबा बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि देउरवा आंगनबाड़ी केंद्र की छात्रा कुमारी महिला ने नृत्य की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी आनंद मिश्र ने कहा कि तीन से छह वर्ष के बच्चों को अधिक से अधिक पूर्व-प्राथमिक शिक्षा से जोड़ना आवश्यक है। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक और अभिभावकों की संयुक्त भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया।
वक्ताओं ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बेसिक शिक्षा व बाल विकास विभाग मिलकर नौनिहालों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।





