श्री रामस्वरुप मेमोरियल यूनिवर्सिटी के 300 छात्रों ने लखनऊ भ्रमण किया
लखनऊ। श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर साइंस एवं इनफार्मेशन सिस्टम विभाग के 300 छात्रों ने बुधवार को राजधानी लखनऊ का शैक्षणिक भ्रमण किया।डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. बिनीत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में डॉ. नित्यानंद द्विवेदी और इंजीनियर निर्भय तिवारी ने इस भ्रमण का संचालन किया।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने लखनऊ के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर स्थलों – बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा, रूमी दरवाजा और ब्रिटिश रेजिडेंसी का अवलोकन किया। इसके अलावा, उन्होंने हजरतगंज मार्केट और लुलु मॉल का भी भ्रमण कर शहर के आधुनिक स्वरूप को करीब से देखा।इस दौरान विशेषज्ञों ने लखनऊ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, स्थापत्य कला और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े प्रसंगों पर विस्तृत जानकारी साझा की।
छात्रों ने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर शहर की परंपराओं, जीवनशैली और विकास को नजदीक से समझा।प्रो. बिनीत गुप्ता ने बताया कि शैक्षणिक यात्रा का उद्देश्य छात्रों को पुस्तक ज्ञान से परे, जमीनी अनुभव और ऐतिहासिक दृष्टिकोण प्रदान करना था, जिससे वे अपने अध्ययन को वास्तविक जीवन से जोड़ सकें। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं।इस अवसर पर फ़ैकल्टी अमित सिंह, अतुल वर्मा, सरफराज अहमद, शमीम, अंजली, नंदिनी तिवारी, रोहित, राज सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





