Thursday, April 16, 2026
spot_img
HomeMarqueeमण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

 

अवधनामा संवाददाता

ग्रामीण पाइप्ड जल योजना में विद्युत कनेक्शन के कार्य को 15 दिनों के अंदर करायें पूरा

प्रयागराज। मण्डलायुक्त संजय गोयल की अध्यक्षता में आज बुधवार को गांधी सभागार में मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षय रोगियों को गोद लिए जाने की स्थिति, नवजात शिशुओं के टीकाकरण, कुपोषण, गौशालाओं में भूसा की उपलब्धता, समस्त पेंशन का आधार प्रमाणीकरण, दिव्यांग प्रमाणपत्र, स्कूल चलो अभियान, मनरेगा के तहत जल संरक्षण, ग्राम पंचायतों में सचिवालयों के निर्माण, आईजीआरएस, ग्रामीण पाइप्ड पेजयल योजना, भूमि अधिग्रहण सहित अन्य विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गयी।
मण्डलायुक्त ने विश्व क्षयरोग दिवस के अवसर पर क्षय रोगियों को गोद लिए जाने की समीक्षा करते हुए प्रयागराज में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष गोद लिए जाने वाले क्षय रोगियों की संख्या कम पाये जाने पर सम्बंधित अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत क्षय रोगियों को गोद लेने की कार्यवाही पूरी की जाये साथ ही यह भी ध्यान रखा जाये कि मरीज के घर के आस-पास के व्यक्ति द्वारा ही उन्हें गोद लिया जाये, तो बेहतर होगा। उन्होंने मण्डल के सभी जनपदों में गोद लेने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों के साथ माह में एक बार बैठक भी की जाये। मण्डलायुक्त ने नवजात बच्चों के टीकाकरण की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारियों को इस कार्य की मानीटरिंग करते रहने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से छूटने न पाये, यह हम सब की जिम्मेदारी है। मण्डलायुक्त ने कहा कि कुपोषण से ग्रसित बच्चों की पहचान कर उन्हें कुपोषण से बाहर लाने में उनकी सहायता की जाये। मण्डलायुक्त ने गौशालाओं में भूसा की उपलब्धता के बारे में जानकारी लेते हुए मण्डल के सभी सम्बंधित अधिकारियों को गौशालाओं का लगातार भ्रमण करते रहने के निर्देश दिये है।
राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय योजना की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने सभी मण्डलीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि विद्यालय में बच्चों की शिक्षा, साफ-सफाई, गुणवत्तायुक्त भोजन, सीसीटीवी कैमरा तथा क्षमता के अनुसार विद्यालय में बच्चों को प्रवेश दिया जाये। उन्होंने विद्यालय में सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित बनाये रखने के लिए कहा है। पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासनादेश के अनुक्रम में लाभार्थिंयों के खाते में पेंशन पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ सभी पेंशन लाभार्थिंयों के खातों को आधार नम्बर से जोड़ने की कार्यवाही निर्धारित समय में पूर्ण करा ली जाये। मण्डलायुक्त ने मण्डल में दिव्यांजनों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी किये की स्थिति की समीक्षा करते हुए सम्बंधित अधिकारी अन्य सम्बंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर यथासम्भव अपने जिले में ही बनवाना सुनिश्चित करें। विशेष परिस्थितियों में ही दिव्यांगजनों को दूसरे जिलों के लिए रेफर किया जाये। मण्डलायुक्त ने स्कूल चलों अभियान के प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों तथा मण्डल स्तरीय अधिकारियों को स्कूलों में बच्चों के नामांकन की संख्या बढ़ाये जाने के लिए कहा है साथ ही साथ उन्होंने यह भी कहा है कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न होने पाये।
ग्रामीण पाइप्ड जल योजना में विद्युत विभाग द्वारा कनेक्शन दिए जाने के कार्य में लापरवाही बरते जाने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए 15 दिनों के अंदर कनेक्शन सम्बंधी कार्यों को पूरा करने के लिए निर्देशित किया है। मण्डलायुक्त ने आईजीआरएस जनसुनवाई की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि पोर्टल पर आने वाली सभी शिकायतों का निर्धारित समय के अंदर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। मण्डलायुक्त ने निर्माण कार्यों के लिए किए जाने वाले भूमि अधिग्रहण के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जहां भी दरों के निर्धारण में देरी की वजह से भूमि अधिग्रहण का कार्य रूका हुआ है, वहां पर एक सप्ताह के अंदर दरों का निर्धारण जिला प्रशासन द्वारा करा लिया जाना सुनिश्चित किया जाये।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रयागराज संजय कुमार खत्री, जिलाधिकारी कौशाम्बी सुजीत कुमार, जिलाधिकारी प्रतापगढ डा. नितिन बंसल, सभी जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य विभागों के मण्डल एवं जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular