राजभवन लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में कई पुरस्कार किए अपने नाम
गोरखपुर। राजभवन लखनऊ में आयोजित तीन दिवसीय (06, 07 एवं 08 फरवरी 2026) राज्य स्तरीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में जिला कारागार गोरखपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न श्रेणियों में कई पुरस्कार अपने नाम किए। महाहिम राज्यपाल के संरक्षण में आयोजित इस प्रदर्शनी में जनपद गोरखपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए जिला कारागार ने अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की।
कारागार प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनी में प्रदर्शित की गई सब्जियों की गुणवत्ता और उत्कृष्ट उत्पादन के आधार पर निर्णायकों ने जिला कारागार गोरखपुर को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया। इस उपलब्धि में जेलर अरुण कुमार कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके कुशल निर्देशन एवं सतत देखरेख में कारागार परिसर के भीतर उन्नत किस्म की सब्जियों को वैज्ञानिक पद्धति से तैयार किया गया।
जेलर कुशवाहा के मार्गदर्शन में कारागार प्रशासन ने न केवल खेती के आधुनिक तरीकों को अपनाया, बल्कि गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया, जिसका परिणाम राजभवन में प्राप्त पुरस्कारों के रूप में सामने आया। प्रदर्शनी में लाल मूली को द्वितीय पुरस्कार तथा सेम एवं रोमांस्को (ब्रोकली की विशेष प्रजाति) को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। रोमांस्को क्रूसीफेरस एवं फ्लोरिटेक्निकल्स वर्ग की विशेष इतालवी प्रजाति मानी जाती है।
इस सफलता के पीछे कारागार कर्मियों की कड़ी मेहनत और तकनीकी मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही। प्रदर्शनी के सफल आयोजन और सहभागिता में सुनील कुमार पाण्डेय, आशीष कुमार वर्मा, विनोद कुमार पासवान तथा चौकीदार जितेन्द्र कुमार सिंह का विशेष योगदान रहा। इनकी देखरेख में तैयार की गई सब्जियों के स्टॉल ने न केवल आगंतुकों को आकर्षित किया, बल्कि विशेषज्ञों की कसौटी पर भी खरे उतरे।
जिला कारागार प्रशासन ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से कारागार में निरुद्ध बंदियों को कृषि के प्रति प्रोत्साहन मिलता है और उनमें सकारात्मक कौशल का विकास होता है। प्रदर्शनी के सफल संचालन एवं सहभागिता में सहयोग करने वाले सभी कार्मिकों को वरिष्ठ जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय ने विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया ।





