मौदहा ।सिसोलर थाना क्षेत्र के ग्राम किसवाही में मंगलवार रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दलित परिवार पर गांव के दबंगों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक गालियां दीं, महिलाओं के साथ मारपीट की और लोहे की सरिया से एक व्यक्ति को लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।पीड़ित ललता देवी पत्नी कमतू वर्मा ने बताया कि 14 मई की रात करीब 8:30 बजे उनके बेटे अनिल वर्मा का मोहल्ले के सत्यम सिंह से मामूली विवाद हुआ। इसके बाद सत्यम का चाचा वीर सिंह शराब के नशे में अनिल को गाली देता हुआ चला गया।
कुछ देर बाद सत्यम सिंह, वीर सिंह, राजवीर सिंह और छोटे सिंह ने ललता के घर में घुसकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट शुरू कर दी। ललता के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटका गया, जबकि राजवीर सिंह ने लोहे की सरिया से कमतू वर्मा पर हमला किया, जिससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उनकी बेटी खुशबू के साथ भी अभद्रता की गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कमतू को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया। उनका इलाज जारी है। ललता की तहरीर पर पुलिस ने सत्यम सिंह, वीर सिंह, राजवीर सिंह और छोटे सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





