क्रिकेट के इतिहास में एक ऐसा मुकाबला खेला गया, जहां एक टीम ने स्कोर को 7 गेंदों पर ही चेज कर दिया। इस मुकाबले ने फैंस को भी हैरान कर दिया था।
क्रिकेट के इतिहास में कई महान खिलाड़ी हुए हैं, जिन्होंने कई रिकॉर्ड ऐसे बनाए हैं, जिसे देखकर खुद को यकीन कर पाना मुश्किल हो जाता है। कुछ रिकॉर्ड्स ऐसे हैं, जो आज तक अमर हैं और कोई नहीं तोड़ सका है। क्रिकेट में तीन फॉर्मेट खेले जाते हैं। टेस्ट 5 दिनों तक चलता है, वनडे क्रिकेट में एक पारी में 300 गेंदें डाली जाती हैं। तो वहीं टी20 क्रिकेट में 120 गेंदें होती हैं। हालांकि, एक मुकाबला ऐसा खेला गया, जब 7 गेंदों पर ही एक टीम ने पूरे लक्ष्य को हासिल कर लिया। ये एक टी20 मुकाबला था।
8 रनों पर ही सिमट गई विपक्षी टीम
दरअसल ये मुकाबला एशियन गेम्स महिला क्रिकेट कम्पटीशन में खेला गया। मुकाबले में मालदीव और नेपाल की टीमें आमने-सामने थीं। इस मैच में कुछ ऐसा देखने को मिला, जिसे देखकर फैंस हैरान रह गए। मालदीव महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शर्मनाक प्रदर्शन किया। टीम ने ऐसा खेल दिखाया, मानो पिच बहुत ही खतरनाक थी और गेंदबाजों को खूब मदद मिल रही थी। मालदीव की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 8 रन बनाए। सबसे बड़ी हैरानी ये रही कि टीम ने इतने रन का स्कोर बनाने के लिए 11. 3 ओवरों तक बल्लेबाजी की।
यही नहीं इन रनों में सिर्फ एक रन बल्लेबाज बना सका और बाकी एक्सट्रा के रूप में आए। मालदीव की टीम के 10 बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके और जीरो पर आउट हो गए। हालांकि, इस दौरान बल्लेबाजों ने काफी गेंदें खेलीं। जिस फॉर्मेट में बल्लेबाज जमकर चौके-छक्के लगाते हैं, वहां पर मालदीव की महिला टीम सिर्फ डिफेंड कर रही थी और मात्र एक रन ही बल्ले से बना। बाकी के 7 रन वाइड के रूप में आए। मालदीव ने नेपाल को 9 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे नेपाल महिला टीम ने मात्र 7 गेंदों पर हासिल कर लिया।
अंजलि चांद ने की कमाल की गेंदबाजी
मालदीव के खिलाफ इस मुकाबले में नेपाल के लिए अंजलि चांद ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 4 ओवर में मात्र एक रन खर्च किए और 4 विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने 3 मेडन ओवर डाले। उनके अलावा सीता राणा मागर और रुबिना छेत्री ने 2-2 विकेट हासिल किए। सुमन खातिवाड़ा और करुणा भंडारी को एक-एक सफलता मिली। नेपाल ने इस लक्ष्य को 7 गेंदों पर बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया और मुकाबले में 10 विकेट से जीत हासिल की।





