इटावा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राज ने कहा कि इटावा में जिस तरह से कांग्रेस कार्यालय पर हमला किया गया और कांग्रेस के लोगों को ही इस मामले में फंसा कर जेल भेज दिया गया इसको लेकर कांग्रेस पूरी तरह सतर्क है।इस मुद्दे को जोरदारी से उठाया जाएगा। इस मामले को लेकर कांग्रेस पूरे प्रदेश में सड़क पर उतरकर संघर्ष करेगी।इसे लेकर जल्द ही रणनीति बनाई जाएगी।
भाजपा प्रदर्शन के दौरान पथराव का आरोप लगाकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष समेत नौ कांग्रेसियों को जेल भेजे जाने के बाद इटावा पहुंचे अजय राय ने पत्रकारों से बात करते हुए आंदोलन का ऐलान किया है।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता कांग्रेस के दफ्तर में घुस गए उनका तोड़फोड़ करने का इरादा था।पथराव भी भाजपा के कार्यकर्ताओं ने हीं किया लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पथराव का आरोप लगाकर उन्हें जेल भेज दिया गया।
अजय राय ने यह भी कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तो अपने बचाव का कार्य किया और बचाव करने का अधिकार सबको है।उन्होंने कहा आश्चर्य की बात यह है कि किसी को चोट नहीं लगी और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया।उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में प्रशासन सरकार के इशारे पर भेदभाव कर रहा है।कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठा फसाया गया है जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं पर कोई कार्यवाही नहीं की गई।
पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन ने एक तरफा कार्यवाही की है।उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन और पुलिस में बैठे लोग यह भी ध्यान रखें कि सत्ता आती जाती रहती है सरकार के इशारे पर काम करने वालों को आने वालों काे इसका ध्यान रखना चाहिए।भाजपा कांग्रेस को कमजोर करने की लगातार कोशिश कर रही है लेकिन कांग्रेस को कमजोर करने की कोशिश भाजपा को भारी पड़ेगी।
अजय राय ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले ही मुलाकात करने की इजाजत मांगी थी और गुरुवार को एक बार फिर कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करने की इजाजत मानी थी लेकिन उन्हें जिला जेल में बंद कांग्रेस जिलाध्यक्ष व दूसरे नेताओं से मुलाकात नहीं करने दी।
केंद्रीय कारागार इटावा के जेल अधीक्षक राजीव शुक्ला ने बताया कि जेल में निरुद्ध कांग्रेस जनों को इस बात की जानकारी दी गई थी प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और अन्य कांग्रेसी आपसे मुलाकात करने के लिए आए हैं तो उन्होंने मुलाकात करने से इनकार कर दिया और यह कहा कि वह केवल अपने परिवार से मुलाकात करना चाहते हैं इस आधार पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और अन्य कांग्रेसियों को जेल में विरुद्ध कांग्रेसियों से मुलाकात की अनुमति नहीं दी गई है।
कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा के प्रदर्शन के दौरान पथराव के मामले में 9 कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।यह महोला सेंट्रल जेल में हैं। गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय इन कांग्रेसियों से मुलाकात करने के लिए जेल पहुंच गए लेकिन उन्हें मुलाकात की परमीशन नहीं दी गई। इससे आक्रोशित अजय राय जेल के मुख्य द्वार के सामने ही धरने पर बैठ गए।
इस दौरान सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई और गांधी जी के भजन रघुपति राघव राजा राम का गायन किया गया।करीब पौन घंटे के धरने के बाद अजय राय जिला जेल से कांग्रेस कार्यालय पहुंचे।कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय गुरुवार की दोपहर को करीब 12 बजे महोला स्थित केंद्रीय कारागार पहुंच गए,जहां कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित नौ नेताओं को गिरफ्तार करके रखा गया है लेकिन उन्हें इन कांग्रेसियों से मुलाकात की परमीशन नहीं दी गई।
जेल के अधिकारियों ने उन्हें जेल के अंदर जाने से मना कर दिया और कहा कि उन्हें मुलाकात करने की परमिशन नहीं है।इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव,कांग्रेस के संगठन प्रभारी बृजेंद्र व्यास व सुमन तिवारी,औरैया कांग्रेस की अध्यक्ष सरिता दोहरे,फर्रुखाबाद कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा,प्रकाश प्रधान और कांग्रेस नेता कीरत सिंह पाल,करन सिंह राजपूत,वाचस्पति द्विवेदी,प्रेरणा जुबेरी,संजय दोहरे,मयंक तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता मौजूद रहे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के इटावा दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन बहुत सतर्क रहा।





