Saturday, March 28, 2026
spot_img
HomeLucknowसाहित्य अकादमी का बाल साहित्य पुरस्कार 2024 अर्पण समारोह 14 को लखनऊ...

साहित्य अकादमी का बाल साहित्य पुरस्कार 2024 अर्पण समारोह 14 को लखनऊ में

24 भारतीय भाषाओं के बाल साहित्यकार होंगे पुरस्कृत

15 नवंबर को पुरस्कृत लेखक साझा करेंगे अपने रचनात्मक अनुभव

साहित्य अकादेमी का प्रतिष्ठित बाल साहित्य पुरस्कार 2024 अर्पण समारोह इस बार लखनऊ में आयोजित किया जा रहा है। गुरुवार को भागीदारी भवन प्रेक्षागृह, छत्रपति शाहू जी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, भागीदारी भवन, गोमती नगर में आयोजित हो रहे इस समारोह में मुख्य अतिथि लखनऊ के लब्धप्रतिष्ठ विद्वान एवं साहित्यकार सूर्य प्रसाद दीक्षित होंगे।

साहित्य अकादेमी के सचिव के. श्रीनिवासराव ने कहा कि इस कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष माधव कौशिक करेंगे और उन्हीं के हाथों पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साहित्य अकादेमी की उपाध्यक्ष कुमुद शर्मा समापन वक्तव्य और साहित्य अकादेमी के सचिव के. श्रीनिवासराव स्वागत वक्तव्य देंगे। पुरस्कृत बाल साहित्यकारों को उत्कीर्ण ताम्रफलक तथा 50,000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।

बाल साहित्य पुरस्कार 2024 प्राप्त करने वाले लेखक हैं- रंजु हाजरिका (असमिया), दीपान्विता राय (बाङ्ला), भार्जिन जेक’भा मोसाहारी (बोडो), बिशन सिंह ‘दर्दी’ (डोगरी), नंदिनी सेनगुप्ता (अंग्रेज़ी), गिरा पिनाकिन भट्ट (गुजराती), देवेन्द्र कुमार (हिंदी), कृष्णमूर्ति बिळिगेरे (कन्नड़), मुज़फ़्फ़र हुसैन दिलबर (कश्मीरी) हर्षा सद्गुरू शेटये (कोंकणी), नारायणजी (मैथिली), उन्नी अम्मायंबळम् (मलयाळम्), क्षेत्रिमयुम सुवदनी (मणिपुरी), भारत सासणे (मराठी), वसंत थापा (नेपाली), मानस रंजन सामल (ओड़िआ), कुलदीप सिंह दीप (पंजाबी), प्रहलाद सिंह ‘झोरड़ा’ (राजस्थानी), हर्षदेव माधव (संस्कृत), दुगाई टुडु (संताली), लाल होतचंदानी ‘लाचार’ (सिंधी), युमा वासुकि (तमिऴ), पामिदिमुक्कला चंद्रशेखर आज़ाद (तेलुगु) और शम्सुल इस्लाम फ़ारूक़ी (उर्दू)।

के. श्रीनिवासराव के मुताबिक 15 नवंबर 2024 को पूर्वाह्न 10 बजे पुरस्कृत बाल साहित्यकारों के साथ ‘लेखक सम्मिलन’ का आयोजन निराला सभागार, उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान में होगा। इसमें पुरस्कार विजेता अपने स्वीकृति वक्तव्य तथा रचनात्मक लेखन के अनुभवों को साझा करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्य अकादेमी की उपाध्यक्ष कुमुद शर्मा करेंगी। इसके बाद अपराह्न 2.30 बजे से ‘बाल लेखन: अतीत, वर्तमान और भविष्य’ विषयक बाल साहिती कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न भारतीय भाषाओं के साहित्यकार अपने विचार व्यक्त करेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular