निजी स्कूल की लापरवाही आई सामने, बीईओ बोले- जांच कर होगी कार्रवाई
भरुआ सुमेरपुर। कस्बे के स्टेशन मार्ग स्थित शकुंतला देवी पब्लिक स्कूल में बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ का मामला सामने आया है। गुरुवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद एक वैन में करीब 20 छात्र-छात्राओं को क्षमता से अधिक बैठाकर ले जाया जा रहा था। भीषण गर्मी में बच्चे एक-दूसरे से सटे हुए बैठे दिखाई दिए, जिससे अभिभावकों और राहगीरों में नाराजगी देखी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल की वैन में बच्चों को इस तरह भर दिया गया था कि उनके बैठने तक की पर्याप्त जगह नहीं थी। मामले में विद्यालय के धीरज त्रिपाठी ने बताया कि एक स्कूल वैन खराब होने के कारण मजबूरी में एक ही वाहन में अधिक बच्चों को बैठाना पड़ा। खंड शिक्षा अधिकारी प्रभाकर सिंह तोमर ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





