बांसी सिद्धार्थनगर। तहसील क्षेत्र में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में जिला विज्ञान क्लब सिद्धार्थनगर द्वारा मेधावी विद्यार्थियों के लिए वैज्ञानिक भ्रमण एवं व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जी.एन., मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ नायब तहसीलदार महबूब आलम, प्रोफेसर के.पी. त्रिपाठी (पूर्व प्राचार्य) तथा प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक ने तहसील गेट से छात्रों की बस को हरी झंडी दिखाकर किया। छात्र दल को Madan Mohan Malaviya University of Technology तथा Hindustan Urvarak & Rasayan Limited, गोरखपुर के लिए रवाना किया गया।
नायब तहसीलदार महबूब आलम ने कहा कि ऐसे वैज्ञानिक भ्रमण छात्रों को शोध, तकनीकी शिक्षा और करियर चयन के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं प्रो. के.पी. त्रिपाठी ने इसे विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव बताया। गोरखपुर स्थित उर्वरक फैक्ट्री में कंपनी के अधिकारी रोहन सैनी ने छात्रों को विभिन्न उत्पादन इकाइयों का भ्रमण कराते हुए आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी। इसके बाद विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग विभाग में कार्यशाला अधीक्षक अंजनी कुमार सिंह, फोरमैन इंजीनियर बृजेश सिंह और इंजीनियर अशोक कुमार ने छात्रों को तकनीकी मॉडल एवं मशीनरी का अवलोकन कराया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अवधेश कुमार की अध्यक्षता में वैज्ञानिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। डॉ. अवधेश कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को विज्ञान के व्यावहारिक स्वरूप से जोड़ते हैं और भविष्य में शोध व तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत व धन्यवाद ज्ञापन सिद्धार्थ शंकर ने किया। इस अवसर पर डॉ. डी.एम. पांडे, शिवाकांत ढाकरे, प्रधानाचार्य हरिश्चंद्र चौरसिया, संतोष त्रिपाठी, मुकेश धर, अरविंद यादव सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





