लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से कटने की आशंका के बीच भारतीय जनता पार्टी ने इस मुद्दे पर गंभीर मंथन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ में भाजपा की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने की। इसमें एसआईआर अभियान की प्रगति, मतदाता सूची में नामों की स्थिति और संभावित चुनौतियों को लेकर चर्चा की गई। पार्टी नेताओं का जोर इस बात पर रहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर संगठन की भूमिका और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। भाजपा इस अभियान के जरिए बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता बढ़ाने और मतदाताओं के बीच जागरूकता फैलाने की तैयारी में जुटी है।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रदेश में आगामी चुनावी तैयारियों के मद्देनजर मतदाता सूची का पुनरीक्षण सभी राजनीतिक दलों के लिए अहम विषय बन गया है। भाजपा नेतृत्व चाहता है कि एसआईआर के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रहें और किसी भी तरह की लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
अब इस बैठक के बाद पार्टी संगठन किस रणनीति के साथ मैदान में उतरता है, इस पर राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हैं।


