शोहरतगढ़ सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विकास क्षेत्र के ग्राम नड़ौरा स्थित खेल मैदान में आयोजित नड़ौरा प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल के तीसरे मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि शोहरतगढ़ विधानसभा के समाजसेवी भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में रमवापुर तिवारी ग्राम प्रधान सुबाष यादव एवं भीम चौधरी मौजूद रहे।
क्वार्टर फाइनल का तीसरा मुकाबला छतहरी इलेवन और शोएब इलेवन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छतहरी इलेवन की टीम ने 10 ओवर में 89 रन बनाए। टीम की ओर से यश मिश्रा ने 27 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। शोएब इलेवन की तरफ से कप्तान शोएब ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके।
90 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शोएब इलेवन की टीम 10 ओवर में 78 रन ही बना सकी। इस तरह मुकाबला जीतकर छतहरी इलेवन ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए यश मिश्रा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार मुख्य अतिथि श्याम जायसवाल व विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रदान किया गया।
इस मौके पर भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। खेल से न केवल शारीरिक विकास होता है बल्कि स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। उन्होंने युवाओं से हार-जीत की चिंता किए बिना खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
टूर्नामेंट के आयोजक अंशिका फर्टिलाइजर एंड ट्रेडर्स के प्रोपराइटर विवेक उपाध्याय एवं अभिषेक उपाध्याय रहे। मैच के दौरान अमित कुमार उपाध्याय की रोचक कमेंट्री ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
इस अवसर पर घनश्याम गुप्ता, राकेश जायसवाल, संजय मिश्रा, अमित उपाध्याय, अरुण कुमार उपाध्याय, राजकुमार उपाध्याय, विनोद उपाध्याय, चंद्रभान, मोतीलाल, रामदेव, नागेंद्रनाथ उपाध्याय, अरुण उपाध्याय, अश्विनी मिश्रा, कालीचरन, अर्जुन शर्मा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कमेटी अध्यक्ष अमित उपाध्याय, उपाध्यक्ष गोलू उपाध्याय तथा कमेटी सदस्य संदीप, निखिल, निलेश, रुपेश त्रिपाठी, स्कंद, सुंदरम, साईराज, कालीचरन, इंद्रजीत आदि ने सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं को मजबूत मंच प्रदान करेगा।





