लोक कल्याण की भावना के अनुरूप नहीं है भाजपा का कोई काम -, राजीव सिंह
अहिल्या बाई होलकर के आदर्शो के विपरीत काम कर रही मोदी टीम
माता अहिल्याबाई होल्कर ने कराया था तोड़े गए मंदिरों का निर्माण -संत बख्श सिंह
लोक माता अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशाब्दी जयंती समारोह के बहाने सभी राजनीतिक दल देश की आधी आबादी और गड़रिया समाज को साधने की कोशिश में लगे हुए हैं। भाजपा लगातार संगोष्ठियों का आयोजन कर रही है। डबल इंजन सरकार के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम माता अहिल्याबाई होल्कर की स्मृति को साथ रखते हुए आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय और समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर भी संगोष्ठियों का आयोजन करके अहिल्याबाई होल्कर के लोक कल्याणकारी शासन का गुणगान किया गया।
राजीव गांधी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि भाजपा का अब तक का काम माता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों के विपरीत रहा है। भाजपा जी एस टी जैसे कानून के माध्यम से बड़े बड़े अमीर घरानों को फायदा पहुंचा रही है। छोटे कर्मचारियों की नौकरियां छीन रही है ।आउट सोर्सिंग भर्ती करके स्थायी नौकरियां खत्म की जा रही हैं। लघु एवं कुटीर उद्योग चौपट हो गये हैं। रुढ़िवादी मानसिकता कायम है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव सिंह ने कहा कि भाजपा का कोई काम लोक कल्याण की भावना के अनुरूप नहीं है। अहिल्या बाई होलकर का शासन आम जनता की भलाई को समर्पित रहा है। भाजपा की हर नीति पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए है।
नगरपालिका जायस की चेयरमैन मनीषा चौहान, जिला प्रवक्ता अनिल सिंह, शत्रुघ्न सिंह, डॉ संजय सिंह, अवनीश मिश्रा, अर्जुन पासी आदि मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर अहिल्याबाई होलकर की जयंती श्रद्धा और सादगी के साथ मनाई गई। जिला अध्यक्ष राम उदित यादव के साथ पार्टी नेताओं ने अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण किया और उनके जीवन दर्शन पर विस्तार से संवाद किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला की अध्यक्षता में एक श्रद्धा और प्रेरणा से भरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्री संत बख्श सिंह रहे।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संत बख्श सिंह जी ने अपने उद्बोधन में अहिल्याबाई होलकर जी के तपस्वी जीवन, उनके लोकहितकारी कार्यों और राष्ट्र सेवा के प्रति उनके समर्पण पर विस्तार से चर्चा की।उन्होंने बताया कि अहिल्याबाई न सिर्फ एक आदर्श शासिका थीं,बल्कि एक दूरदर्शी समाज सुधारक भी थीं, जिन्होंने धर्म,संस्कृति और लोककल्याण के क्षेत्र में अनगिनत कार्य किए।अहिल्याबाई होल्कर ने तोड़े गए मंदिरों का कश्मीर से कन्याकुमारी तक कराया था जीर्णोद्वार।काशी,अयोध्या और अन्य तीर्थ स्थलों पर किए गए निर्माण कार्य आज भी उनके योगदान की गवाही देते हैं।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष दयाशंकर यादव, निवर्तमान जिला अध्यक्ष राम प्रसाद मिश्रा, प्रवीण सिंह श्रीमती आशा बाजपेई जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा अभिषेक कौशिक राहुल जिला पंचायत सदस्य उमेश सिंह ब्लाक प्रमुख, प्रभात शुक्ला जिला मंत्री आदि मौजूद रहे।