हजपुरा, अंबेडकरनगर अकबरपुर से घर लौट रहे एक किसान की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। अचानक सामने आई नीलगाय से बाइक टकरा जाने के कारण किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार शाम शव गांव पहुंचा, जहां परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के खासापुर दादू पट्टी गांव के मजरे आदिपुर निवासी किसान मुन्नू माली (55) बुधवार को किसी कार्य से बाइक से अकबरपुर गए थे। शाम के समय जब वह घर लौट रहे थे, तभी खपुरा गांव के पास अचानक उनकी बाइक के सामने नीलगाय आ गई। तेज टक्कर के बाद किसान सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। परिजन उन्हें खून से लथपथ हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में नीलगाय की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से नीलगायों की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। गुरुवार देर शाम परिजनों ने किसान का अंतिम संस्कार अयोध्या घाट पर किया।





