भरुआ सुमेरपुर। क्षेत्र के ग्राम सहुरापुर में रविवार को नयनाभिराम शोभायात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कलश पूजन के उपरांत कथा व्यास ने श्रीमद् भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक मनुष्य को जीवन में एक बार कथा का श्रवण अवश्य करना चाहिए।
सहुरापुर के प्रधान आशा लल्ला सिंह चंदेल ने अपने आवास पर श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन कराया है। रविवार को शोभायात्रा के साथ शुरू हुई कथा में कथा व्यास राम आशीष शुक्ल ने कथा की महत्ता पर प्रकाश डाला। इसी तरह देवगांव के कामाख्या देवी प्रांगण में सोमवार को गाजे बाजे के साथ शोभायात्रा निकालकर संगीतमयी भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर कामाख्या देवी मंदिर के महंत पतरिया महाराज, भूरी सिंह सेंगर, ग्राम प्रधान जितेंद्र खरे आदि मौजूद रहे।