उत्तर प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर (Smart Meter) उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना। नेगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं की बिजली 13 मार्च से स्वतः कट जाएगी। पावर कॉरपोरेशन ने असुविधा से बचने के लिए समय पर मीटर रिचार्ज करने की अपील की है।
लखनऊ। नेगेटिव बैलेंस के बावजूद बिल न जमा करने वाले स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं की 13 मार्च से बिजली कट जाएगी। पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन ने सभी संबंधित उपभोक्ताओं से कहा है कि असुविधा से बचने के लिए समय से मीटर रिचार्ज करा लें।
प्रदेश में अब तक 77.10 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। जिसमें से 70.44 लाख प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ता हैं। इनमें से बड़ी संख्या में उपभोक्तों द्वारा रिचार्ज न कराए जाने से नेगेटिव बैंलेस है।
नेगेटिव बैलेंस पर बार-बार मैसेज भेजने के बाद भी उपभोक्ताओं द्वारा रिचार्ज नहीं कराया जा रहा है। ऐसे में पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन ने कहा है कि 13 से नेगेटिव बैलेंस वाले स्मार्ट प्रीपेड मीटर ऑटोमेटिक सिस्टम के तहत डिस्कनेक्ट हो जाएंगे।
लगातार भेजे जा रहे मैसेज
प्रबंधन का कहना है रिचार्ज कराने के लिए लगातार अलर्ट मैसेज किए जा रहे हैं। प्रबंधन के अनुसार अब विभागीय कैश काउंटर के अलावा ऑनलाइन विभिन्न माध्यमों से घर बैठे प्रीपेड मीटर को रिचार्ज किया जा सकता है। किसी तरह की दिक्कत होने पर 1912 पर कॉल की जा सकती है।
रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर बिल भेजने के अलावा उपभोक्ता को उसके द्वारा रिचार्ज की गई धनराशि का क्रमशः 30 प्रतिशत, 10 प्रतिशत और शून्य होने पर एसएमएस के माध्यम से सूचित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बिजली के बिल में दो प्रतिशत की छूट भी मिलती है।





