इन्हौना थाने में तैनात उप निरीक्षक राजेश पाल को मंगलवार को एंटी करप्शन टीम ने हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई हाईवे के पास स्थित एक ढाबे पर की गई। इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
एंटी करप्शन टीम उप निरीक्षक को अपने साथ किसी नजदीकी थाने ले गई, जहाँ उनसे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, उप निरीक्षक पर एक मामले में पीड़ित से रिश्वत मांगने का आरोप है।
मामला एक सड़क हादसे से जुड़ा है, और विवेचना के नाम पर पीड़ित से पैसों की मांग की गई थी। पीड़ित की शिकायत के बाद ही एंटी करप्शन टीम ने यह कार्रवाई की है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन टीम ने फिलहाल पूरे प्रकरण को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। पुलिस विभाग के अधिकारी भी इस मामले में सावधानी बरत रहे हैं।
क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने पुष्टि की है कि एंटी करप्शन टीम ने उप निरीक्षक को हिरासत में लिया है। उन्होंने यह भी बताया कि पैसे लेने के आरोपों की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि एंटी करप्शन टीम से आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही आगे की विभागीय या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





