दुलारा गांव मे दो घंटे तक आवागमन रहा बाधित
महोबा। विकासखंड पनवाड़ी के दुलारा गांव के जर्जर पुल की मरम्मत कराए जाने को लेकर ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया। दो घंटे तक जाम लगाए जाने से विकासखंड जैतपुर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलने पर थाना महोबकंठ प्रभारी, नायब तहसीलदार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जाम लगाए ग्रामीणों से बातचीत कर जल्द से जल्द पुल की मरम्मत कराए जान आश्वासन दिया, इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला, जिसके बाद आवागमन शुरू हो सका।
दुलारा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को पुल की मरम्मत कराए जाने की मांग को लेकर मुख्य सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। पनवाड़ी जैतपुर ब्लाक को जोड़ने वाली सड़क पर जाम लगाए जाने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। हरि सिंह, अनिल कुमार रामआसरे, रघुनाथ आदि ग्रामीणों का अरोप है कि मुख्य सड़क का यह महत्वपूर्ण पुल पिछले सात माह से क्षति ग्रस्त है, जिसके संबन्ध में अधिकारियों को भी अवगत कराते हुए मरम्मत कराए जाने की मांग कई बार की जा चुकी है, बावजूद इसके आज तक इस पुल का मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने बताया कि पुल के क्षतिग्रस्त होने के बावजूद प्रशासन ने इसकी मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जिससे विवश होकर विरोध प्रदर्शन कर जाम लगाए जाने का कदम उठाया।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुल से बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है, फिर भी रात के समय ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहन यहां से गुजरते हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि पैदल चलने के लिए बचा हुआ संकरा रास्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया, तो गांव का संपर्क पूरी तरह टूट जाएगा। जाम लगाए होने की सूचना मिलने पर थाना महोबकंठ के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सरोज मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे और जाम लगभग दो घंटे तक जारी रहा। स्थिति बिगड़ती देख नायब तहसीलदार मुकुल कुमार भी घटना स्थल पर पहुंचे गए और ग्राम प्रधान घासीराम के अलावा ग्रामीणों से बातचीत कर समझा बुझाकर समस्या का जल्द से जल्द निस्तारण कराए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।





