एकजुट होकर अपनी वर्षों से लंबित एवं न्यायसंगत मांगों को लेकर बुलंद की आवाज़
सिद्धार्थनगर। आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन उप्र एवं महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ उप्र संयुक्त मोर्चा के बैनर तले गुरुवार को एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन कर मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।
आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में गुरुवार को जनपद सिद्धार्थनगर में आंगनबाड़ी कर्मचारियों द्वारा एक एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष श्रीमती नीलम पाण्डेय एवं महामंत्री श्रीमती रेनू यादव तथा आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन की जिला अध्यक्ष/प्रदेश महामंत्री श्रीमती प्रभावती देवी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं और एकजुट होकर अपनी वर्षों से लंबित एवं न्यायसंगत मांगों को लेकर आवाज़ बुलंद की। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के प्रति अपना रोष व्यक्त करते हुए बताया कि कम मानदेय, बढ़ता कार्यभार और सामाजिक सुरक्षा के अभाव में उनका जीवन अत्यंत कठिन हो गया है।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मचारी समाज के सबसे कमजोर वर्ग माताओं और बच्चों के लिए कार्य करती हैं, लेकिन स्वयं उपेक्षा और असुरक्षा का शिकार हैं। वर्षों की सेवा के बावजूद उन्हें न तो स्थायी दर्जा मिल पा रहा है और न ही भविष्य की सुरक्षा।
धरना-प्रदर्शन के उपरांत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं द्वारा अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन संबंधित को सौंपा गया तथा मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा की। चेतावनी दी कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर दोनों संगठनों के पदाधिकारी प्रभावती देवी, नीलम पांडेय, रेनू यादव व कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।





