विकास खंड कुरारा के अंतर्गत आने वाले झलोखर गांव में विकास कार्यों में अनियमितता का मामला सामने आया है। गांव के ही निवासी रमेश कुमार प्रजापति पुत्र राम आसरे प्रजापति ने जिलाधिकारी हमीरपुर को शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायती पत्र में ग्रामीण ने बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए कई विकास कार्यों में धांधली की गई है और अधूरे कार्यों का भी भुगतान करा लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामदास के घर से परशुराम के घर तक तथा बिहारी शिवहरे के मकान से छोटे साहू के मकान तक सीसी रोड निर्माण दिखाया गया है, जबकि वास्तव में इन मार्गों पर कोई कार्य नहीं हुआ है।
इसी प्रकार शंकर के मकान से बाबू साहू के मकान तक, बबलू महाराज से छोटकवा के मकान तक और अनिल महाराज के घर से राममनोहर के घर तक नाली निर्माण कार्यों में भी अनियमितता बरती गई है। वहीं हनुमान प्रजापति के मकान से राम आसरे के मकान तक ईंट खड़ंजा का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, लेकिन उसका भुगतान भी कर लिया गया है।
ग्रामीण ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि गांव में कराए गए सभी विकास कार्यों की जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।





