इटावा। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा उ0प्र0 धर्मवीर प्रजापति प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जनपद के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।जिसमें मंत्री जी द्वारा सर्वप्रथम अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई,जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति के अंतर्गत जनपद में कुल 21 थानों पर 21 मिशन शक्ति केन्द्र की स्थापना की गई,जिस पर मंत्री जी ने कहा कि इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए।मंत्री जी ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आम जनता की सभी समस्याओं को सुना जाए एवं आम आदमी,जनप्रतिनिधिगण आदि के द्वारा किए गए फोन को रिसीव किया जाए और फोन पर प्राप्त शिकायतों को संबंधित अधिकारी द्वारा समय निस्तारित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन किसी भी परिस्थिति में न होने दिया जाए, जो बड़े स्तर पर अवैध खनन हो रहा है, उसको तत्काल प्रभाव से रोका जाए एवं संलिप्तता की स्थिति में उचित कार्यवाही की जाए।उन्होंने बिजली विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि विद्युत मीटर में समस्या उत्पन्न करने वालों पर त्वरित कार्यवाही की जाए।उन्होंने कहा कि पी0एम0श्री विद्यालयों का निरीक्षण किया जाए एवं निरीक्षण की रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।उक्त बैठक के दौरान विधायक सदर श्रीमती सरिता भदौरिया,जिलाध्यक्ष बी0जे0पी0अन्नू गुप्ता,जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव,मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम,अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव,जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद,मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0बृजेन्द्र कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चंद्र, उप कृषि निदेशक आर0एन0सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।





