शराब का सेहत पर काफी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसके कारण 62 तरह के डिसऑर्डर होने का खतरा रहता है।
आज के समय में शराब पीना सिर्फ एक लत नहीं, बल्कि एक कूल सिंबल बन गया है। शराब पीने से लिवर को होने वाले नुकसान के बारे में सभी जानते हैं, लेकिन हाल ही में एक स्टडी में और भी खतरनाक बात सामने आई है। इस स्टडी के मुताबिक शराब पीने की वजह से इंसान के शरीर में 62 तरह के डिसऑर्डर्स का खतरा बढ़ जाता है।
इन बीमारियों की लिस्ट में कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी भी शामिल है। यह स्टडी इस बात को साबित करती है कि शराब हमारे शरीर के भीतर धीरे-धीरे कितना बड़ा नुकसान पहुंचाती है।
रिसर्चर्स ने पांच दर्जन से ज्यादा ऐसे डिसऑर्डर्स की पहचान की है जो पूरी तरह से शराब पीने की वजह से ही होते हैं। इन बीमारियों में इन्फेक्शियस डिसीज, कार्डियोवैस्कुलर डिसीज, पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियां और कई तरह के कैंसर शामिल हैं।
शरीर की इम्युनिटी पर सीधा हमला
इस पेपर के अनुसार, शराब से सीधे तौर पर होने वाली ये बीमारियां मुख्य रूप से नॉन-कम्युनिकेबल डिसीज और शारीरिक चोटों की श्रेणी में आती हैं। इसके अलावा, शराब पीने से शरीर के एंडोक्राइन, मेटाबॉलिज्म और मेंटल और बिहेवियरल डिसऑर्डर का जोखिम भी बहुत ज्यादा बढ़ जाता है।
शराब पीना हमारे शरीर के इम्यून सिस्टम को कमजोर करता है जिससे शरीर इन्फेक्शियस डिजीज से लड़ने की ताकत खो देता है। साथ ही, यह कैंसर और कई क्रॉनिक डिजीज के खतरे को भी कई गुना बढ़ा देता है। इस स्टडी के लेखकों में से एक, जुर्गन रेहम का कहना है कि पहचानी गई इन 62 बीमारियों और डिसऑर्डर के पीछे शराब ही सबसे मुख्य वजह है।
शराब से सीधे तौर पर जुड़ी हैं बीमारियां
इसके अलावा, दुनिया में लगभग 30 अन्य ऐसी बीमारियां भी हैं, जिनमें शराब सीधे तौर पर एक बड़ी भूमिका निभाती है। इन बीमारियों में ब्रेस्ट कैंसर और कई दूसरे कैंसर, हार्ट डिसीज, स्ट्रोक, डायबिटीज और डिमेंशिया जैसी गंभीर मानसिक स्थितियां शामिल हैं।
सुधारी जा सकती है सेहत
इस डराने वाले शोध के बीच एक राहत देने वाली और अच्छी खबर भी है। शराब की वजह से होने वाली इन बीमारियों और डिसऑर्डर्स की रफ्तार को न सिर्फ धीमा किया जा सकता है, बल्कि इन्हें बढ़ने से रोका और पूरी तरह ठीक भी किया जा सकता है।
इम्यून सिस्टम पर शराब का जो बुरा असर पड़ता है, वह बहुत लंबे समय तक नहीं टिकता। व्यक्ति ने कितनी मात्रा में शराब पिया है, इस बात पर निर्भर करते हुए शरीर कुछ ही दिनों से लेकर एक हफ्ते के भीतर वापस अपनी सामान्य स्थिति में लौटने लगता है। यानी, अगर समय रहते शराब से दूरी बना ली जाए, तो शरीर खुद को दोबारा स्वस्थ बनाने का काम करना शुरू कर देता है।





