दलित युवक ने एस ओ पर लगाए मां के सामने थाने में गाली देने के आरोप
एक प्राइवेट कंपनी के सामानों की डिलीवरी करने वाले दलित युवक के साथ रास्ते में दबंगई और गाली गलौज करने वाले युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने में पुलिस ने तीन सप्ताह लगा दिए। युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संग्रामपुर थाना अध्यक्ष ने शनिवार को दर्ज की है। वायरल वीडियो में युवक ने थानाध्यक्ष पर मां के सामने मां की गाली देने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार की है और अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग में भी शिकायत की है।
गडेरी का राकेश कुमार कामर्स प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी में डिलीवरी का काम करता है। 15अगस्त को सामान डिलीवरी करके इन्हौना से अपने घर वापस आ रहा था। बीच रास्ते में एक फोन आया फोन काल पर जितेन्द्र सिंह नामक के युवक ने शिवरतन गंज में सामान डिलेवरी करने की बात की। राकेश कुमार के मना करने पर जितेन्द्र सिंह ने उसके साथ गाली गलौज और दबंगई की।
राकेश कुमार का कहना है वह संग्रामपुर थाने में प्रभारी निरीक्षक के पास प्रार्थना पत्र लेकर गया।साथ में उसकी मां भी थी।एस ओ ने मां के सामने ही उसे मां की गाली दी और रिपोर्ट लिखने से मना कर दिया।
राकेश कुमार ने पुलिस अधीक्षक और अध्यक्ष अनुसूचित जाति जनजाति आयोग को रजिस्टर्ड पत्र भेजकर शिकायत की है। वायरल वीडियो में उसने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार की है और कहा कि उनके राज में पुलिस उसकी सुनवाई नहीं कर रही है।
संग्रामपुर पुलिस ने शनिवार को रोजाना कम्पनी के कर्मचारी जितेन्द्र सिंह के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 352और एस सी/एस टी एक्ट की धाराओं के अन्तर्गत रिपोर्ट दर्ज की।





