बांसी सिद्धार्थनगर। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के मद्देनज़र उपजिलाधिकारी निखिल चक्रवर्ती ने रविवार देर रात तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर संचालित रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया।रोडवेज,अस्पताल परिसर सहित प्रमुख स्थलों पर पहुंचकर उन्होंने वहां ठहरे निराश्रितों व जरूरतमंदों से संवाद किया और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति जानी।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी निखिल चक्रवर्ती ने तहसील प्रशासन को निर्देश दिया कि बस चालकों, परिचालकों, कुली वर्ग तथा महिलाओं के लिए अलग-अलग और सुरक्षित रैन बसेरे सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी को असुविधा न हो। उन्होंने साफ-सफाई, पर्याप्त कंबल, अलाव, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा इंतजामों को और बेहतर करने पर जोर दिया।
अस्पताल परिसर और रोडवेज चौरहा पर की गई अलाव व्यवस्था का भी उन्होंने निरीक्षण किया।उपजिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया कि रैन बसेरों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर फ्लैक्स व बैनर लगाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शीतलहर के दौरान कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।निरीक्षण के दौरान सदर लेखपाल सर्वेश चौधरी नगर पालिका के लिपिक जमील अहमद सहित तमाम जिम्मेदार मौजूद रहे।





