निचलौल (महराजगंज)। जनपद में बंद पड़े गैर मान्यता प्राप्त मदरसों को पुनः संचालित कराने की मांग को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने निचलौल तहसील पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाउपाध्यक्ष जाहिद अली के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।
ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने हाई कोर्ट, लखनऊ बेंच के 16 जनवरी 2026 के आदेश (रिट संख्या 307/2026) का हवाला देते हुए कहा कि बंद मदरसों को 24 घंटे के भीतर खोलने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन जिले में अब तक आदेश का अनुपालन नहीं हो सका है।
कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 30(1) के तहत अल्पसंख्यकों को अपने शैक्षणिक संस्थान संचालित करने का अधिकार प्राप्त है, जिसके बावजूद मदरसों को बंद रखा जाना उनके अधिकारों का हनन है।
जिलाउपाध्यक्ष जाहिद अली ने कहा कि मदरसों के बंद रहने से गरीब और असहाय अल्पसंख्यक बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। इससे उनके भविष्य पर नकारात्मक असर पड़ रहा है और बाल श्रम जैसी समस्याएं बढ़ने की आशंका है।
प्रदर्शन के दौरान प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर मदरसों को खोलने की मांग की गई। इस मौके पर राधेश्याम यादव, ईश्वर चंद पटेल, अम्बिका यादव, शाह फैसल, मौलाना मोदस्सीर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





