सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल व्यवस्था के दिए गए निर्देश
महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में सोमवार को हीट वेव प्रबंधन और जल जीवन मिशन (पेयजल) से संबंधित बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी नगर पालिका, नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी को सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की व्यवस्था की तैयारी के साथ रैन बसेरों में सभी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी विभागों को प्रचार प्रसार करने एवं ट्रेनिंग, माक अभ्यास कराने के निर्देश दिए जिससे लू एवं हीट वेव से बचाव किया जा सके।
बैठक में डीएम ने सिंचाई विभाग को सभी तालाबों को भरने के निर्देश दिए। डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी, नगरीय निकाय को गौशालाओं में पानी, भूसें, चारें की व्यवस्था और पीने के पानी को ठंडा रखने के लिए चरही के ऊपर शेड लगाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को यात्री प्रातिक्षालय में प्रतिक्षा कर रहे यात्रियों के बैठने, पंखा, कूलर की व्यवस्था करने के अलावा वहां पर साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने की हिदायत दी। डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग संक्रामक रोग व अन्रू बीमारियों से बचने के लिए आवश्यक निषेधात्मक व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाए।
डीएम ने कहा कि प्रत्येक सीएचसी, पीएचसी पर डॉक्टरों की ड्यूटी 24 घंटे रहे और जीवन रक्षक दवाएं व एंटी वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। मनरेगा के समस्त मजदूरों को स्वच्छ जल एवं उचित छाया एवं स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर मजदूरों, कार्मिकों का रुटीन चेकअप व ओआरएस की व्यवस्था की जाए इसके अलावा आवश्यकतानुसार कार्य के घंटे में परिवर्तन किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम, उपजिलाधिकारी सदर शिवध्यान पांडे, उपजिलाधिकारी चरखारी धीरेन्द्र कुमार, डिप्टी कलेक्टर सल्तनत परवीन सहित सभी सम्बंधित अधिकारी उपस्थिति रहें।





