बिलग्राम। श्री रामलीला कमेटी बिलग्राम के तत्वावधान में निकली भव्य श्री राम बारात में शुक्रवार को नगरवासियों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भारी भीड़ उमड़ी। पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं आकर्षक झांकियों के साथ शुरू हुई यह ऐतिहासिक राम बारात नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए देर रात तक शहर में धार्मिक उल्लास का केंद्र बनी रही। बारात का शुभारंभ शाम 7 बजे हुआ, जो रात्रि 12 बजे तक धूमधाम के साथ सम्पन्न हुई।
राम बारात में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि धीरज वर्मा ने पहुंचकर विशेष रूप से हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रबंधक नीरज सिंह, संयोजक धर्मेंद्र यादव, प्रदीप यादव, वरिष्ठ पत्रकार शैलेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष सार्थक मिश्रा, बृजेंद्र प्रताप सिंह, शिवम यादव, अनुज यादव, राजीव, कमरुल खान पत्रकार एसोसिएशन अध्यक्ष,नफीस अहमद, महामंत्री हरिकृष्ण वीरू, शमसुद्दीन, आरिफ, नवाब, शब्बू सहित अनेक सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।
राम बारात में महाराजा बैंड द्वारा प्रस्तुत भव्य झांकियों और भगवान के दिव्य स्वरूपों ने सभी का मन मोह लिया। झांकियों के दर्शन करने के लिए नगर ही नहीं, आस-पास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से बिलग्राम क्षेत्राधिकारी रवि प्रकाश सिंह, कोतवाल अरविंद कुमार राय, तथा जनपद से पहुँची पुलिस फोर्स ने पूरे मार्ग पर मुस्तैदी से व्यवस्थाएं संभालीं और शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम का समापन कराया।
इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। फारूक कुरैशी ने अपने घर के पास फूलों की मालाएं पहनाकर प्रबंधक व संयोजकों का अभिनंदन किया।
बता दें कि यह ऐतिहासिक राम बारात वर्षों पूर्व शिया समुदाय द्वारा प्रारंभ करवाई गई थी, जो आज भी बिलग्राम नगर की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता का अनूठा प्रतीक बनी हुई है।





