हमीरपुर। जिलाध्यक्ष जयंती संताराम राजपूत के पैतृक गांव करही (सरीला) में वार्षिक अमृत दीप महोत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया। महोत्सव की शुरुआत सुबह 9 बजे स्वामी ब्रह्मानंद जी की विशाल शोभायात्रा से हुई, जिसमें घोड़े, बैंड-बाजा, DJ, भांगड़ा व बहरूपिया पार्टियों ने आकर्षण बढ़ाया। सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई।
शोभायात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए समाधि स्थल पर समाप्त हुई। इसके बाद जयंती संताराम राजपूत, प्रतिनिधि संताराम राजपूत व राठ विधायक मनीषा अनुरागी ने स्वामी ब्रह्मानंद जी की प्रतिमा का अनावरण किया। क्षेत्र में “स्वामी जी अमर रहें” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
महोत्सव में आयोजित दंगल का शुभारंभ संताराम राजपूत द्वारा किया गया। दिनभर चली दो दर्जन से अधिक कुश्तियों ने दर्शकों का दिल जीता। वहीं मेले में बच्चों ने झूलों का आनंद लिया और लोगों ने दुकानों से खरीदारी की।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत सदस्यों, नगर पालिका अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





