भाजपा नेता बाबूराव चिंचानसुर ने विधान परिषद से दिया इस्तीफा

0
394

कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें तेज

बेंगलुरु। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं को एक दल को छोड़कर दूसरे दल में शामिल होने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी बीच, भाजपा नेता बाबूराव चिंचानसुर ने सोमवार को कर्नाटक विधान परिषद सदस्य के अपने पद से इस्तीफा दे दिया। विधान परिषद से इस्तीफा देने के साथ ही ऐसा माना जा रहा है कि वे अब कांग्रेस में शामिल होने को तैयार हैं। कांग्रेस में शामिल होने को लेकर अटकलें तेज हो गई है।
खरगे की हार में निभाई थी भूमिका
बता दें कि बाबूराव चिंचानसुर को 2019 में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को हराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वालों में से माना जाता है, जो अब कर्नाटक में कांग्रेस का हाथ थामने को तैयार हैं। चिंचानसुर कल्याण कर्नाटक क्षेत्र से कोली-कबालिगा समुदाय के एक प्रमुख नेता के रूप में देखे जाते हैं।
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में हुए थे शामिल
चिंचानसुर ने 2008 से 2018 तक कालाबुरगी जिले में गुरमित्कल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। इससे पहले सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में मंत्री थे। हालांकि, विधानसभा चुनाव में हार के बाद उन्होंने 2018 में कांग्रेस छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए।
भाजपा नेता के रूप में, उन्हें गुलबर्गा (कालाबुरगी) लोकसभा क्षेत्र में खरगे को हराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रमुख नेताओं में से देखा जाता है। बता दें कि लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार उमेश जाधव ने खरगे को मात दी थी, जो खुद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल
कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि चिंचानसुर के आने वाले दिनों में पार्टी में शामिल होने की उम्मीद है। बता दें कि इस महीने की शुरुआत में एक अन्य भाजपा एमएलसी पुत्तन्ना ने विधान परिषद से इस्तीफा दिया था और कांग्रेस में शामिल हुए थे। इस मामले पर जब मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि चिंचानसुर कांग्रेस से आए थे और उसी पार्टी में वापस जा रहे हैं।
राज्य में भाजपा की स्थिति मजबूत- सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा मजबूत स्थिति में है और चिंचानसुर के पार्टी छोडऩे से कोई असर नहीं पड़ेगा। बता दें कि कर्नाटक में मई तक विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं, इस मामले पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने कोई बयान नहीं दिया।
येदियुरप्पा ने कहा, कुछ दिन पहले, पति और पत्नी (चिंचानसुर और उनकी पत्नी) मेरे पैरों पर गिर गए और कसम खाई कि वे कहीं नहीं जाएंगे और हम किसी भी चीज के लिए तैयार हैं। इसके अलावा, पूर्व सीएम ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here