स्पेन। स्पेन में बढ़ते आवास संकट और सरकार के खिलाफ तेज होते विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने बड़ा राजनीतिक फैसला लिया है। उन्होंने संसद भंग कर समय पूर्व आम चुनाव कराने की घोषणा कर दी है। स्पेन में अब आम चुनाव 29 नवंबर 2026 को होंगे।
आवास मुद्दे पर सरकार को लगा बड़ा झटका
प्रधानमंत्री सांचेज की अल्पमत सरकार ने आवास संकट से निपटने के लिए कई राहत उपाय संसद में पेश किए थे। इनमें किराये पर नियंत्रण और बेदखली से राहत जैसे कदम शामिल थे। लेकिन संसद में सरकार को इन प्रस्तावों पर करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद आवास को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन और तेज हो गए।
सड़कों पर उतरे हजारों लोग
स्पेन के कई शहरों में महंगे मकानों और लगातार बढ़ते किराये के खिलाफ प्रदर्शन हुए। मैड्रिड में एक 87 वर्षीय महिला को घर से बेदखल किए जाने की घटना ने आंदोलन को और व्यापक बना दिया। इसके बाद आवास का मुद्दा राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में आ गया।
29 नवंबर को होगा मतदान
प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने 5 अक्टूबर को घोषणा की कि स्पेन में आम चुनाव रविवार, 29 नवंबर 2026 को होंगे। चुनाव पहले तय समय से करीब नौ महीने पहले कराया जा रहा है। चुनाव की प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों की नामांकन प्रक्रिया 21 से 26 अक्टूबर के बीच होगी, जबकि चुनाव प्रचार 13 नवंबर से शुरू होगा।
सत्ता बचाने की बड़ी राजनीतिक चुनौती
समय पूर्व चुनाव सांचेज के लिए बड़ा राजनीतिक दांव माना जा रहा है। उनकी सोशलिस्ट पार्टी को विपक्षी दक्षिणपंथी दलों से कड़ी चुनौती मिल रही है। चुनाव में आवास संकट, महंगाई, रोजगार और सरकार की स्थिरता प्रमुख मुद्दे रहने की संभावना है।





