लखनऊ/मैनपुरी: मैनपुरी के सिटी CO अशोक सिंह का मूंछों पर ताव देते हुए वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले पर सियासत तेज हो गई है। वीडियो में CO प्रदर्शनकारियों से वीडियो बनाने और उसे अखिलेश यादव को भेजने की बात कहते नजर आए थे।
अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए तंज कसा। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे CO की मूंछों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “उसकी मूंछें छोटी थीं।”
CO ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद CO अशोक सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि वायरल वीडियो को संदर्भ से काटकर पेश किया गया है। उनके मुताबिक, कुछ लोगों ने उन पर पक्षपात और राजनीतिक व्यक्ति होने जैसे आरोप लगाए थे, जिसके जवाब में उन्होंने वीडियो को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही थी।
BJP पर भी अखिलेश का हमला
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग भगवान के नाम पर चढ़ावे और चंदे की चोरी करते हैं और ऐसे लोगों को उन्होंने ‘बहरूपिया’ बताया। उन्होंने साथ ही कहा कि उनकी पार्टी नई पीढ़ी और छात्रों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ने के लिए अभियान चलाएगी।
बीजेपी ने किया पलटवार
बीजेपी की ओर से कहा गया कि मूंछ किसी जाति की पहचान नहीं बल्कि शौर्य और पुलिस परंपरा से जुड़ी पहचान हो सकती है। बीजेपी प्रवक्ता ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार भी किया।





