नेपाल। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। इसी दौरान नेपाल पुलिस ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित कृषि विकास बैंक की त्रिशूली ढुंगे शाखा से करोड़ों रुपये की संपत्ति सुरक्षित निकालने में सफलता हासिल की।
नेपाल पुलिस के मुताबिक, करीब 8 घंटे तक चले अभियान के बाद बैंक से लगभग 1.5 करोड़ नेपाली रुपये नकद और अनुमानित 50 करोड़ नेपाली रुपये मूल्य का सोना सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके अलावा बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी सुरक्षित किए गए।
मलबे और पानी के बीच चला रेस्क्यू ऑपरेशन
बाढ़ के कारण बैंक का बड़ा हिस्सा मलबे और पानी से प्रभावित हो गया था। पुलिस और बचाव दल ने मशीनों की मदद से रास्ता बनाया और बैंक के लॉकरों को बाहर निकाला। इसके बाद इन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
नेपाल पुलिस ने इस पूरे अभियान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें जवानों को मलबे के बीच बैंक के लॉकर निकालते और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाते देखा जा सकता है।
नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही
इस बीच नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान किया है। प्रभावित इलाकों में सेना, पुलिस और बचाव दल लगातार राहत एवं खोज अभियान चला रहे हैं।





