जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गुरुवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुजानगंज मार्ग पर उकनी गांव के पास तेज रफ्तार निजी बस ने एक स्कूल वैन को टक्कर मार दी। हादसे में सात बच्चे घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि डीआरएम पब्लिक स्कूल, मधुपुर की वैन बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे बस वैन से टकरा गई। जोरदार टक्कर के बाद स्कूल वैन सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को वैन से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। घायल बच्चों को अस्पताल भेजा गया है।
इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





